खाप स्वाभिमान सम्मेलन में सगोत्र विवाह, युवतियों को जींस पहनने और अपनी मर्जी से विवाह करने जैसे मुद्दों पर एतराज जताया गया। बालियान खाप के चौधरी एवं भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि बच्चों के विवाह का अधिकार मां-बाप को होना चाहिए। उन्होंने खाप चौधरियों से कहा कि मृत्युभोज, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या एवं नशा खोरी जैसी सामाजिक बुराई दूर करने के लिए सभी को आगे आना होगा।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को करनाल रोड स्थित एमएस फार्म में खाप स्वाभिमान सम्मेलन में मुख्य अतिथि नरेश टिकैत ने कहा कि खाप चौधरी पहले से ही सगोत्र विवाह के खिलाफ हैं। उन्होंने लड़कियों के जींस पैंट और लड़कों को कैप्री पहने पर भी एतराज जताया। निर्वाल खाप के चौधरी राजवीर सिंह मुंडेट ने जाट, राजपूत और गुर्जर लोगों के बीच अंतर्जातीय विवाह की वकालत की। उनका कहना था कि इससे समाज में समरसता बनी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि खाप पंचायतों के माध्यम से लोगों को सस्ता सुलभ न्याय मिलता था। न्याय की तराजू में तौलकर वह अपने फैसले करती थीं, लेकिन अब खाप पंचायत के निर्णय पर सरकार और न्यायालय पाबंदी लगा रहे हैं। सम्मेलन में विभिन्न बिरादरी और उनकी खापों के प्रतिनिधि शामिल हुए।