Meerut News: लू-बक्सर गांव निवासी रेलवे में की-मैन विवेक चौहान की रविवार रात बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस को इस मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगा और जांच जारी है।
रेलवे की-मैन विवेक चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने भी किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। बड़े भाई रोहित ने मुंडाली थाने पर अज्ञात आरोपियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे की मांग के लिए सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। मोबाइल फोन पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने परिजनों को जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शांत किया। बदमाशों की तलाश में पुलिस की चार टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
विवेक की हत्या पर रोष जताते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
भावनपुर थाना क्षेत्र के लू-बक्सर गांव निवासी रेलवे विभाग में की-मैन के पद पर कार्यरत विवेक चौहान की रविवार रात लगभग आठ बजे बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। विवेक खरखौदा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत थे। रोजाना की भांति रविवार शाम को भी वो बाइक द्वारा अपनी ड्यूटी खरखौदा जा रहे थे। मुंडाली थाना क्षेत्र में अजराड़ा चौराहे के पास बदमाशों ने विवेक चौहान के सीने पर चाकू से हमला किया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घायल विवेक को मेरठ मेडिकल भिजवाया, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।
सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। वारदात के खुलासे और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए ग्रामीणों ने हंगामा किया। इस दौरान उनकी पुलिस से कहासुनी भी हुई। स्थिति को बिगड़ता देख एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने फोन पर बात कर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
गांव में शव आने पर पहुंची तीन थानों की पुलिस
सोमवार शाम को जब विवेक चौहान का शव गांव लू-बक्सर पहुंचा तो पूरा गांव शोक में डूब गया। किठौर, मुंडाली और भावनपुर थानों की पुलिस बल मौजूद रहा। इस दौरान गांव लू-बक्सर के साथ मानपुर और जई गांव के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। घर पर विवेक का शव आने पर पत्नी काव्या, बहन गुंजन, भाई रोहित और विकास सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रोकर बुरा हाल था। बाद में परिजनों ने गढ़ मुक्तेश्वर ले जाकर शव का दाह संस्कार किया।
रातभर पड़ताल करती रही पुलिस
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का सुराग लगाने के लिए रातभर मोबाइल पर हुई बातचीत खंगाली। मृतक विवेक चौहान की गांव के एक युवक के साथ गहरी दोस्ती थी। पुलिस ने गांव पहुंच कर रात में ही इस युवक से भी पूछताछ की है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने मृतक की पत्नी काव्या से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस लगातार काम कर रही है। एसपी देहात अभिजीत कुमार के नेतृत्व में चार टीम लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।