सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि रामलला की जन्मभूमि पर अब बाबर के नाम पर एक भी ईंट नहीं रखने दी जाएगी। भाजपा मंदिर के समर्थन में है। दस जनवरी से कोर्ट में मंदिर की सुनवाई है। अदालत से फैसला मंदिर के हक में आने की उम्मीद है। कानूनी प्रक्रिया के बाद अगर जरूरी हुआ तो अध्यादेश लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सीबीआई स्वतंत्र एजेंसी है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अगर निर्दोष हैं तो घबरा क्यों रहे हैं। गन्ना भुगतान के लिए सोमवार को लखनऊ में कैबिनेट की बैठक है, यदि मिल गन्ने का भुगतान नहीं कर रही है तो बैठक में विचार कर कड़े कदम उठाए जाएंगे।
जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत सम्मेलन में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनें, भाजपा इसका खुला समर्थन करती है। रामलला की जन्मभूमि पर अब बाबर के नाम पर एक भी ईंट न तो रखी जाएगी और न ही रखने दी जाएगी। कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं।
सर्वोच्च न्यायालय में रामजन्म भूमि के प्रकरण को लेकर 10 जनवरी से सुनवाई होने जा रही है। रामभक्त बेसब्री से 10 जनवरी का इंतजार कर रहे हैं। सुनवाई होगी, फैसला आएगा। लोगों को उम्मीद है कि रामलला के मंदिर के पक्ष में फैसला आएगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा है, हर कार्यकर्ता उसका समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि अध्यादेश की प्रक्रिया तब होगी, जब सर्वोच्च अदालत की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
जरूरत पड़ी तो निश्चित तौर पर राम मंदिर के लिए अध्यादेश लाया जाएगा। अवैध रेत खनने के मामले में सीबीआई जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी स्वतंत्र है। इसे चुनाव से या राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। जो निर्दोष हैं, उन्हें घबराना नहीं चाहिए।
बड़ौत में त्रिस्तरीय पंचायत सम्मेलन का आयोजन किया गया। यहां उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार की योजनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि मोदी को रोकने के लिए तमाम पार्टियां महागठबंधन कर रही हैं। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/