मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट एंड रोड पर हुई एलएलबी के छात्र केशव की हत्या में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए है। घटनास्थल समेत अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज और मृतक व आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर पुलिस ने कब्जे में ली है। इनके आधार पर पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगी है।
वेस्ट एंड रोड निवासी मेडा के कर्मचारी राधेश्याम सोनकर के इकलौते बेटे केशव (25) की 4 दिसंबर की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था। केशव की छोटी बहन टीना ने जनवरी 2025 में फाजलपुर निवासी अंश के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बाद में दोनों के बीच मनमुटाव होने पर टीना अपने घर आ गई थी। वह काफी समय से मायके में ही रह रही है। इसी को लेकर केशव और अंश में भी कहासुनी होती थी। इसी पारिवारिक विवाद में केशव की हत्या की गई।
केशव के पिता राधेश्याम ने थाना सदर बाजार में अपने दामाद अंश निवासी रोहटा रोड फाजलपुर, उसके दोस्त रोहटा रोड निवासी आयुष बंसल, हर्ष, छोटू, छोटे निवासी कासमपुर और सात-आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने छह दिसंबर को नामजद अंश और उसके दोस्त आयुष को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया था। अभी इस मामले में नामजद हर्ष, छोटू और छोटे समेत अन्य अज्ञात वांछित चल रहे है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के अलावा अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। साथ ही मृतक केशव के अलावा हत्यारोपी अंश, आयुष समेत अन्य आरोपियों की भी मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई गई है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उनकी लॉकेशन के आधार पर पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में नामजद के अलावा भी अन्य आरोपी घटना स्थल पर मौजूद पाए गए है। उनके भी खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि सदर बाजार पुलिस ने तमाम डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए गए है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।