बिजली न होने से अधिकतर रास्तों पर था अंधेरा, बंद मिले सीसीटीवी
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। कसेरू बक्सर तिलकपुरम में किराना व्यापारी विपिन गुप्ता से लूट के मामले में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल वाले क्षेत्र में बिजली न होने से अधिकतर रास्तों पर अंधेरा मिला, सीसीटीवी बंद मिले। इसी के चलते आरोपियों की पहचान में बाधा आ रही है।
तिलकपुरम मार्केट में किराना व्यापारी विपिन गुप्ता से दुकान के सामने ही करीब 75 हजार रुपयों से भरा थैला लूट लिया था। पुलिस की माने तो विपिन दुकान का ताला लगा रहे थे, थैला बराबर में रखा हुआ था, बाइक सवार आए और उसे उठाकर ले गए। इसके चलते घटना चोरी में दर्ज की गई।
वहीं, पीड़ित ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके सामने अपाचे बाइक पर तीन युवक आकर रुके। पिछले वाले ने चेहरा ढका हुआ था। उसी ने रुपयों से भरा थैला उठाया। घटना चोरी में दर्ज होने पर पीड़ित व्यापारी ने नाराजगी जाहिर की है। वहीं, जांच अधिकारी इंस्पेक्टर विनय कुमार के मुताबिक, बिजली न होने रास्तों पर अंधेरा था। सीसीटीवी में भी आरोपी नहीं आ सके।
बीटीएस का सहारा ले रही पुलिस
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया घटना के मामले में तीन टीमें लगाई गई हैं जो सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन व पुराने अपराधियों की पहचान कर रही है। बीटीएस के जरिये जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-