बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक
- फोटो : अमर उजाला
कैंट क्षेत्र स्थित औघड़नाथ मंदिर में कड़ी सुरक्षा के बीच शिवरात्रि पर जलाभिषेक हुआ। बेरिकेडिंग पर कांवड़ियों ने धक्का मुक्की करते हुए कई बार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। एसपी सिटी ने सख्ती कर कांवड़ियों को शांत कराया। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर के अंदर और बाहर 40 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे। मंदिर में ही कंट्रोल रूम बनाया गया था।
औघड़नाथ मंदिर को तीन दिन पहले ही एटीएस ने अपने घेरे में ले लिया था। रविवार को मंदिर परिसर के एक किमी के चारों तरफ सभी वाहनों को बंद कर दिया था। सुरक्षा की देखते हुए एटीएस की दो टीमें, क्यूआरटी कमांडो, दो कंपनी आरएएफ, दो कंपनी आरआरएफ, तीन कंपनी पीएसी, चार एडिशनल एसपी, 8 डिप्टी एसपी, 15 थाना प्रभारी/ इंस्पेक्टर, 250 दरोगा, पांच सौ स्थानीय पुलिस के सिपाही, एलआईयू, इंटेलीजेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ी, घुड़सवार दस्ता, डॉग स्क्वॉयड, बम निरोधक दस्ता तैनात रहा। सुरक्षा को लेकर एसएसपी. रविंदर गौड़ ने सुरक्षा का जायजा लिया। सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे लाइन में लगे कांवड़ियों ने धक्का मुक्की करते हुए हंगामा किया तो एसपी सिटी ओपी सिंह से नोकझोंक हो गई। एसपी सिटी ने दोनों तरफ से लगी लाइनों से मंदिर में प्रवेश करने दिया।