सरधना। ग्राम कपसाढ़ गांव की प्रधान सुनीता सोम के बेटे सुधांशु पर सोशल मीडिया पर अन्य समाज के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। पुलिस ने सुधांशु को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ सामग्री पोस्ट करना दंडनीय अपराध है। प्रकरण में एसडीएम सरधना ने आरोपी सुधांशु के विरुद्ध 15 लाख के दो-दो जमानती और इतनी ही राशि के व्यक्तिगत बंधपत्र दाखिल करने का आदेश दिया। निर्धारित समयावधि में आरोपी द्वारा जमानती और बंधपत्र प्रस्तुत न कर पाया। उसे जेल भेज दिया गया।
-
आज से जेल में बंद 22 आरोपी करेंगे भूख हड़ताल
- सम्राट मिहिर भोज द्वार लगाने को लेकर पंचायत रोकने पर बवाल के बाद जेल भेजे गए थे
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ/दौराला। दादरी गांव में हुए बवाल के बाद जेल भेजे गए 22 आरोपियों ने बुधवार से जेल में भूख हड़ताल करने की बात कही है। मंगलवार को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में उनसे मिलकर लौटे लोगों ने यह जानकारी दी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पथराव करने वाले अन्य आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
कपसाढ़ गांव में सम्राट मिहिर भोज का बोर्ड लगाकर उनके नाम के आगे क्षत्रिय लिखने पर मूलरूप से दादरी निवासी व वर्तमान में दिल्ली निवासी अभिनव मोतला ने गुर्जर स्वाभिमान पंचायत करने का ऐलान किया था। 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ आदि जगह से भीड़ एकत्रित होकर पहुंची। धरने के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया और 22 लोगों पर कार्रवाई की थी। मंगलवार को एडवोकेट शुभम राणा ने विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि वह कुछ लोगों के साथ कारागार में जेल में बंद 22 लोगों से मुलाकात करने पहुंचे। राष्ट्रीय वीर गुर्जर संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र भाटी ने उन्हें बताया कि भाजपा सरकार में समाज के साथ अन्याय हो रहा है। दादरी में शांति से धरना दिया जा रहा था लेकिन पुलिस ने लाठियां फटकारी और जेल भेज दिया। वह 24 सितंबर से जेल में भूख हड़ताल शुरू करेंगे। वहीं, 22 लोगों पर लगाई गई धाराओं को कम कराने की मांग लिए राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना के राष्ट्रीय सचिव गौरव गुर्जर व उनके साथियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दिया। उनके साथ सोनू प्रधान, ओमबीर भड़ाना, राजीव, इंद्राज, जितेश, सुनील आदि मौजूद रहे।