दौराला। वलीदपुर गांव के सामने मंगलवार दोपहर नशे की हालत में एक कार चालक ने पैदल चल रहे कांवड़िया को टक्कर मार दी। कांवड़ियों ने चालक की धुनाई करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी। हाईवे पर मौजूद नायाब तहसीलदार ने पुलिस के साथ मिलकर चालक को बचाया और थाने भेज दिया।
वलीदपुर निवासी आजाद सिंह मंगलवार दोपहर कार से पत्नी को मायके से लेने जा रहा था। आजाद सिंह नशे में था। हाईवे पर कार की टक्कर से पैदल चल रहे कांवड़िया घायल हो गया। कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए चालक के साथ मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे नायाब तहसीलदार जतिन गोस्वामी ने पुलिस के साथ मिलकर कांवड़ियों को समझाकर शांत किया और चालक को थाने भेजा। पुलिस ने हाईवे से कार को साइड में लगवाया। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि चालक आजाद शराब के नशे में था। उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। संवाद