बहसूमा। बाईपास तिराहे पर वाहनों की बढ़ी संख्या
बहसूमा। सावन माह में कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। बृहस्पतिवार को मेरठ-रामराज हाईवे पर कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ने से रामराज, बहसूमा और मवाना मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। हाईवे पर कांवड़ियों के जत्थों और वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, यातायात को सुचारु रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
उधर, नीलकंठ, गोमुख और हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए कांवड़ियों के जत्थे लगातार रवाना हो रहे हैं। बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में भगवा वस्त्रधारी शिवभक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है। बहसूमा और आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए निकलने शुरू हो गए हैं। जल लेकर लौटने वाले श्रद्धालु 11 अगस्त को सिद्ध पीठ फिरोजपुर महादेव मंदिर, मेरठ के औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा के चलते पूरे क्षेत्र में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं तथा वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है।