शाम करीब छह बजे दिल्ली रोड पर नवीन मंडी से लेकर रिठानी तक और बिजली बंबा बाईपास पर भयंकर जाम लगा गया। एक लेन कांवड़यों के लिए रिजर्व होने के कारण दूसरी लेन पर ही दोनों ओर के वाहनों का लोड बढ़ गया। अमर उजाला कार्यालय के सामने हालात ये हो गए कि पूरी सड़क पर वाहन आमने-सामने आकर फंस गए।
ऑफिस से लौट रहे कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। कई लोगों ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी यातायात का दबाव बढ़ने से राहत नहीं मिली। मौके पर यातायात पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या और कांवड़ यात्रा के चलते यातायात सामान्य होने में मुश्किलें आ रही हैं।
ड्रोन से कांवड़ मार्ग की निगरानी, यातायात व्यवस्था पर नजर
कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक नगर ने मोदीपुरम चौकी से रुड़की रोड तक ड्रोन कैमरे के माध्यम से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कांवड़ियों की आवाजाही, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने भीड़ और यातायात की स्थिति को देखा। पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारु रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
ये भी देखें...
UP: 'अपने मोहल्ले की मस्जिद में पढ़ें जुमे की नमाज, पैदल ही जाएं', कांवड़ यात्रा के चलते जमीयत ने की अपील