दिल्ली चुंगी पर बुधवार शाम के समय ढील दी गई और दूसरी तरफ से भी वाहन गुजरने लगे।
- फोटो : अमर उजाला
शिवरात्रि पर जलाभिषेक के साथ ही वन-वे व्यवस्था भी खत्म कर दी गई। लोगों ने जगह-जगह लगी बैरिकेडिंग को खुद ही तोड़ दिया। सड़क के दोनों तरफ वाहन चल रहे हैं। शहर में लोकल की डीजे कांवड़ जरूर जाती दिखाई दीं। चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, गढ़ रोड, मोदीपुरम रोड समेत सभी जगह बैरिकेडिंग कर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई थी। सभी प्वांइट पर यातायात पुलिसकर्मी भी तैनात थे। बुधवार दोपहर बाद बेगमपुल पर लोगों ने खुद ही बैरिकेडिंग तोड़ दी।
मोदीपुरम, दिल्ली रोड, हापुड़ रोड और गढ़ रोड पर भी कई जगह बैरिकेडिंग तोड़ दी गई। हालांकि सभी चौराहों पर डाक कांवड़ और डीजे कांवड़ की वजह से पुलिस फोर्स तैनात रही। एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि कांवड़ियों का आवागमन न के बराबर रह गया है, इसलिए बैरिकेडिंग खोल दी गई है।
देर रात खुला हाईवे, दोनों ओर दौड़ने लगे वाहन
दिल्ली देहरादून हाईवे पर बुधवार देर रात ट्रेफिक व्यवस्था बहाल कर दी गई। दोनों ओर वाहन दौड़ने लगे। हालांकि, कट पर की गई बैरिकेडिंग को नहीं खोला गया था।
एसपी ट्रेफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि देर रात हाईवे पूरी तरह वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। अभी, हाईवे पर कॉलोनी के आगे और कट पर की गई बैरिकेडिंग नहीं खोली गई है। बृहस्पतिवार को ये बैरिकेडिंग भी हटा दी जाएगी।