मोदीपुरम। रुड़की रोड पर सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़ियों को हटाने पर शिवभक्तों की पुलिस से नोक झोंक हो गई। कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर शिवभक्त शांत हो गए और गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
गाजियाबाद के फरीदनगर निवासी रोहित, सुचा, अभिषेक, रितिक, बाबी आदि कांवड़ियों ने हरिद्वार से 20 जून को द्वितीय कलश यात्रा की शुरूआत की थी। इनके साथ ट्रैक्टर-ट्राली भी थी, जिसका पिछला हिस्सा नीचा था, अगले हिस्से की ऊंचाई 12 फीट थी। पल्लवपुरम पुलिस ने फेज प्रथम कट पर रोककर उसकी ऊंचाई को रस्से से नापा और सबसे ऊंचा बांस हटवा दिया। इसे लेकर पुलिस की कांवड़ियों से कहासुनी हुई।
इसके बाद शिवभक्त कांवड़ लेकर रुड़की रोड की ओर रवाना हो गए और कुबेर स्कूल के सामने सड़क किनारे कांवड़ रख कर डिवाइडर के किनारे गद्दे बिछाकर लेट गए, जिससे मोदीपुरम फ्लाई ओवर की ओर जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और कांवड़ियों को सड़क से शिविर में जाकर सोने के लिए कहा। जिस पर कांवड़ियों की पुलिस से नोक झोंक हो गई और कांवड़ियो ने हंगामा कर दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को शांत कराया। पुलिस ने बेवजह राहगीरों को परेशान करने पर कांवड़ बाद कार्रवाई की चेतावनी दी।