बुधवार सुबह मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सदर तहसील में तैनात लोकेंद्र कुमार राठी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई बागपत बाईपास पर की गई, जहां कानूनगो लोकेंद्र को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। टीम ने उसे मौके से हिरासत में लेकर टीपी नगर थाने पहुंचाया, जहां पूछताछ जारी है।
रिश्वत की शिकायत जानी थाना क्षेत्र की गॉडविन कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने की थी। राकेश की जमीन सुभारती विश्वविद्यालय के पीछे स्थित है, जहां डोल बंदी को लेकर एक किसान से विवाद चल रहा है।
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे: मेरठ समेत कुल 91 फीसदी निर्माण पूरा, बदायूं तक जुलाई में सेक्शन पूरा करने का लक्ष्य
पीड़ित का आरोप है कि वह एक साल से अधिक समय से डोल की नपाई की मांग कर रहे थे, लेकिन अधिकारी अनसुनी कर रहे थे। इस दौरान कानूनगो ने माप कराने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की।
इस शिकायत के बाद पीड़ित ने एंटी करप्शन को सूचना दी और तय योजना के तहत कानूनगो को रिश्वत देने के बहाने बागपत बाईपास पर बुलाया गया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, टीम ने उसे दबोच लिया।