कंपनी ने भेजा क्रेडिट नोट, दुविधा में वाहन स्वामी
- 400से अधिक वाहन स्वामियों को टेक्निकल समस्या बता कंपनी ने भेजे क्रेडिट नोट
- एजेंसी में नहीं पहुंची प्लेट, वाहन स्वामी परेशान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने के लिए नवंबर माह में जिन वाहन मालिकों ने आवेदन किया था उन्हें कंपनी ने तकनीकि कारण बताकर रद्द कर उन्हें क्रेडिट नोट भेज दिया। भेजे गए क्रेडिट नोट के भुगतान संबंधी न तो संबंधित डीलर के पास न तो कस्टमर केयर के पास। सेलेक्स कंपनी ने 1 जनवरी से 5 जनवरी 2021 के बीच आवेदन को रद्द कर दिया है। शहर के लगभग 400 वाहन मालिकों ने प्लेट के लिए इस दौरान आवेदन किया था। आवेदनकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित कंपनी को समस्या से अवगत कराया है।
एजेंसी से मिली जानकारी
एचएसआरपी के आवेदनकर्ता जब प्लेट लगवाने के लिए एजेंसी पहुंचे तो वहां पर प्लेट लगवाने संबंधी कोई जानकारी नहीं थी। साइबर कैफे से आवेदन करने वाले वाहन मालिकों ने जब कैफे में जानकारी की तो पता चला कि उनकी नंबर प्लेट का आवेदन कंपनी ने रद्द कर दिया है। जिसका क्रेडिट नोट मेल पर भेजा गया है। मेरठ में बुकिंग के लिए प्रतिक्षा सूची अप्रैल 2021 पार हो गई है। अभी तक पांच लाख से अधिक वाहन हैं जिनपर प्लेट लगाई जानी है।
इन लोगों ने बताई समस्या
अनुज अरोड़ा निवासी श्रद्धापुरी, महावीर सिंह निवासी शिवलोकपुरी, राजकुमार निवासी दबथुआ, समरपाल निवासी परीक्षितगढ़, विक्रांत निवासी जिंझोखर, सेंट पैटरिक्स एकेडमी डुंगरावली आदि लोगों ने बताया कि उन्होंने साइबर कैफे में एचएसआरपी के लिए बुकिंग की थी। डीलर के पास कंपनी ने कोई प्लेट नहीं भेजी है।
डीलर के पास नहीं होती जानकारी
वाहन स्वामी को कंपनी द्वारा तारीख दी जाती है, डीलर के पास इसकी कोई जानकारी नहीं होती है। निश्चित तारीख पर हमारे पास प्लेट आ जाती है। संपूर्ण जानकारी वाहन स्वामी को कस्टमर केयर से प्राप्त होती है। डीलर को पूरी प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। - निपुल, डीलर महिंद्रा व हीरो।
बाहर की बुकिंग ले रहे वाहन स्वामी
- मेरठ के डीलरों के पास अप्रैल तक की बुकिंग फुल हो गई है। अब कंपनी भी मेरठ के डीलर के नाम लिस्ट में नहीं दे रही है। मेरठ के लोग प्लेट लगवाने के लिए मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर की बुकिंग ले रहे हैं। - सिद्धार्थ जैन, डीलर किया व हीरो।
तिथि बढ़ते ही फास्टैग लगवाने वालों की रफ्तार हुई धीमी
मोदीपुरम। सड़क परिवहन मंत्रालय ने 1 जनवरी से सभी टोल पर फास्ट टैग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे, जिसे 15 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। तिथि के बढ़ते ही फास्टैग लगवाने वालों की रफ्तार धीमी हो गई है। एक दिन में चार सौ तक लगने वाले फास्टैग की संख्या 100 तक पहुंच गई है। टोल प्लाजा मैनेजर प्रदीप चौधरी ने बताया कि जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं लगा है, उन पर लोकल में छूट बंद की गई है। जो वाहन स्वामी लोकल की आईडी के साथ टोल प्लाजा पर अपने डाक्यूमेंट दे रहे है, उन्हें लोकल की छूट दी जा रही है। टोल प्लाजा पर ट्रैफिक मार्शल बिना फास्टैग लगे वाहनों को रोककर जागरूक कर रहे है। संवाद