मेरठ। गृहकर, जलकर और सीवरकर आदि के लिए नगर निगम 18 जगह पर बृहस्पतिवार से 15 जनवरी तक कैंप लगाएगा। इन कैंपों पर शहरवासी अपना गृहकर बकाया जमा कराकर चालू बिल पर दी जा रही 20 फीसदी छूट का लाभ ले सकते हैं। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि इन कैंपों पर कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक और कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। ये कैंप 7, 8, 9 जनवरी को रैन बसेरा गगोल रोड, सैनी मार्केट नंगलाताशी, वार्ड नंबर 44 में चिकारा कांप्लेक्स, वार्ड नंबर 39 में सुनारों की धर्मशाला और वार्ड नंबर 86 में मदीना मस्जिद के पास पेट्रोल पंप, 11, 12 और 13 जनवरी को रोहटा रोड सत्संग भवन मार्केट, पार्षद कार्यालय पर, प्रवेश विहार साईं मंदिर के पास, वैशाली कालोनी गेट के पास, पिलोखड़ी मंदिर, स्वामीपाड़ा स्थित प्राइमरी स्कूल, 14 और 15 जनवरी को टीपी नगर स्थित शेखो पेट्रोल पंप, मलियाना पुल के पास, आरजी कालेज के पास निर्भया कांप्लेक्स, लाभ संस के सामने सेंट्रल मार्केट, कासिम उलूम मदरसा कांच का पुल और उत्तरी पटेल नगर पुलिस चौकी के पास लगेगा। ब्यूरो
400 गुना बढ़कर आया हाउस टैक्स
मेरठ। हैंडलूम वस्त्र व्यापारी संघ के महामंत्री अंकुर गोयल के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर निगम हाउस टैक्स अधिकारी सुरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। महामंत्री अंकुर गोयल ने बताया कि खंदक व्यापारियों का इस बार हाउस टैक्स 400 गुना तक बढ़कर आया है। पूर्व प्रधान नवीन अरोड़ा ने कहा कि इस तरह की गलती बार-बार हो रही हैं। यह व्यापारियों की लिए एक बड़ी समस्या है। हाउस टैक्स अधिकारी ने त्रुटि निवारण करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान राजीव बंसल, रमन खुराना, संजय रस्तोगी, गुरदीप सिंह कालरा, नील कमल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।