कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी निवासी मयंक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लाला मोहम्मदपुर निवासी स्वाति गुप्ता से हुई थी। उसके ससुर अरविंद गुप्ता व साले मोंटू गुप्ता की लगभग दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। घर पर उसकी सास कमलेश गुप्ता अकेले रहती थी।
परिजनों के अनुसार महिला ने लगभग 40 से अधिक लोगों को ब्याज पर लाखों रुपए दे रखे थे। इसे लेकर महिला ने एक हिसाब किताब की डायरी बना रखी थी। परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर से महिला फोन नहीं उठा रही थी। इसके बाद उसकी पत्नी स्वाति अपनी मां से मिलने के लिए लाला मोहम्मदपुर पहुंच गई थी। जहां उसे महिला का शव बेड पर पड़ा हुआ दिखा।
जांच पड़ताल में पुलिस ने पाया कि महिला के हाथ के सोने के कंगन, कानों के कुंडल व एक चेन गायब थी। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह का कहना है की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
महिला के मोबाइल के सारे नंबर थे डिलीट
परिजनों के अनुसार मृतक महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल डिलीट थी। बेटी ने बताया कि उसने अपनी मां को काफी कॉल की थी। जब मोबाइल चेक किया तो उसमें सभी कॉल डिलीट दिखाई दी थी। परिजनों का शक हत्या की तरफ बढ़ता चला गया। वहीं दूसरी ओर डायरी के कुछ पन्ने भी गायब हैं। डायरी के अन्य पन्नों पर पेन चला रखा है। जिस कारण डायरी का हिसाब पढ़ने में स्पष्ट नहीं आ रहा। पुलिस महिला के नंबर की कॉल डिटेल भी निकलवा रही है।