सीसीएसयू के अटल सभागार में दुग्ध संघ के पूर्व और वर्तमान चेयरमैन के परिजनों में मारपीट का मामला
गगोल दुग्ध संघ की चेयरमैन के ससुर बलराज पर किया था हमला, अन्य आरोपियों को तलाश रही पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में मंगलवार को डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद कार्यक्रम में गगोल दुग्ध संघ की चेयरमैन रजनी के ससुर बलराज पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में बुधवार को मेडिकल थाना पुलिस ने सहकारी समिति कैलीरामपुर के प्रतिनिधि वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों को तलाश रही है। बलराज के सिर में गंभीर चोट आई है। उनका बृहस्पतिवार को एमआरआई किया जाएगा।
परिक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी प्रदीप कुमार ने मेडिकल थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि उनकी भाभी रजनी देवी गगोल सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लि. मेरठ मंडल की चेयरमैन हैं। रजनी के साथ वह और उनके पिता दुग्ध संघ के प्रतिनिधि बलराज सिंह अटल सभागार में आयोजित गोष्ठी में आमंत्रित थे। जैसे ही वह सभी वहां पहुंचे तो पहले से ही वेदप्रकाश उर्फ बेदी, नोबिल खारी, प्रदीप शर्मा ईकड़ी, आयुष कुमार, नितेश, नोबल खारी के बेटे हिरदेश, निर्देश और पांच अज्ञात आरोपियों ने गाली-गलौज करते जान से मारने की नियत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके पिता को आंख और सिर में काफी चोट आईं हैं। लक्ष्मण सिंह व रजनी ने उन्हें बचाया। आरोपियों ने जाते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी बिना बुलाए गोष्ठी में पहुंचे थे। वह जान से मारने की नियत से ही वहां बैठे थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर वेदप्रकाश उर्फ बेदी, नोबिल खारी, प्रदीप शर्मा इकड़ी, आयुष कुमार, नितेश, हिरदेश और 5 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। अन्य नामजद आरोपियों कर भूमिका की भी जांच की जा रही है। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
ये था मामला...वीडियो हो रहा वायरल
डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद कार्यक्रम मंगलवार को अखाड़े में तब्दील हो गया था। उत्तर प्रदेश के दुग्ध विकास अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम और दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी की मौजूदगी में ही गगोल पराग दुग्ध संघ के वर्तमान और पूर्व चेयरमैन पक्ष भिड़ गए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जूते-चप्पलों से हमला किया। झड़प में नेताओं के कपड़े फट गए, खून बहा और सभागार में भगदड़ मच गई। पुलिस ने बलराज समेत दो घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। कुछ लोगों का कहना था कि वेदप्रकाश उर्फ बेदी पक्ष के लोगों ने गगोल पराग दुग्ध संघ में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा दिया। इस बात पर विवाद हुआ था।
-