मंगलवार तड़के बारिश के दौरान बेगमपुल पर कारोबारी के मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। जैसे ही वह आग बुझाने के लिए दौड़े तो अचानक उनका पैर फिसल गया। जमीन पर गिरने से अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। जहां हार्ट अटैक से मौत हो गई। फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार दलीप सहगल (68) पुत्र रामलुभाया सहगल की बेगमब्रिज रोड स्थित बेगमपुल पर सैकलेस ड्राईक्लीनर्स के नाम से काफी पुरानी दुकान थी। दलीप वरिष्ठ अधिवक्ता भी थे। उनका परिवार दुकान के पीछे ही मकान में रहता है। कारोबारी का बड़ा बेटा गौरव सहगल फैमिली के साथ अहमदाबाद गया हुआ था। जबकि छोटा बेटा सौरभ पल्लवपुरम में ससुराल गया था। दलीप पत्नी नीना के साथ मकान में थे।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे बारिश के दौरान अचानक मकान के पीछे के एक कमरे में आग लग गई। आग की लपटें देखकर दलीप जब पत्नी के साथ कमरे की तरफ पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। कारोबारी आग बुझाने के लिए जैसे ही पानी से भरी बाल्टी उठाकर चले तो हड़बड़ाहट में उनका पैर फिसल गया। जिसके बाद वह उठ नहीं सके और उनकी हालत बिगड़ गई। यह देखकर उनकी पत्नी के होश उड़ गये। उन्होंने बेटे सौरभ को फोन पर इसकी जानकारी दी। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े और कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना दी।
नहीं हुआ मौत का विश्वास
दलीप को गंभीर हालत में दयानंद हॉस्पिटल ले लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके बाद भी परिजन और अन्य लोगों को मौत का विश्वास नहीं हुआ। वे उन्हें जसवंत राय हॉस्पिटल ले गये। जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने बताया कि आग से एक कमरे में रखा सारा सामान जल गया।
शोक में बंद रहा बाजार
मेरठ। बेगमपुल पर सैकलेस ड्राईक्लीनर्स नाम से करीब 50 साल पुरानी दुकान है। दलीप सहगल से पहले उनके पिता इसे संभालते थे। गंगानगर में भी इनकी इसी नाम से दुकान है। कारोबारी की मौत की सूचना पर मंगलवार सुबह से उनके घर व्यापारियों, दुकानदार और आसपास के लोगों का आना-जाना लगा रहा। शोक में बेगमब्रिज रोड पर दोनों तरफ का बाजार बंद रहा। उनके दोनों बेटे गौरव सहगल और सौरभ सहगल अधिवक्ता हैं।
शीशा तोड़कर बुझाई गई आग
लालकुर्ती पुलिस ने बताया कि कारोबारी का मकान मेन रोड पर अंदर की तरफ है। जहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी का रास्ता नहीं था। एक दुकान का शीशा तोड़कर अंदर तक पाइप पहुुंचाकर दमकल विभाग ने कमरे में आग बुझाई।