कानपुर के कैंप में पहुंचे मेरठ के खिलाड़ी
मेरठ। सैयद मुश्ताक ट्रॉफी की तैयारियों के लिए रविवार को मेरठ के क्रिकेटर कानपुर पहुंच गए। 27 दिसंबर से 1 जनवरी तक चलने वाले कैंप में खिलाड़ियों का अंतिम प्रशिक्षण होगा। मेरठ के प्रियम गर्ग बतौर कप्तान यूपी का नेतृत्व करेंगे। यूपी की टीम में जगह बनाने के लिए बल्लेबाज हरदीप सिंह, समीर चौधरी, स्पिनर सौरभ कुमार, तेज गेंदबाज योगेंद्र डोयला, पूर्णांक त्यागी, शिवम मावी कैंप में दम दिखाएंगे। 10 जनवरी से सैयद मुश्ताक ट्रॉफी का शुभारंभ होना है।
प्रियम की राह पर चल पड़े उज्ज्वल के कदम
मेरठ। 14 साल के उज्ज्वल के कदम भी प्रियम गर्ग की राह पर चल पड़े हैं। भामाशाह पार्क में आयोजित अंडर-14 के मैचों में प्रियम गर्ग के मामा के बेटे उज्ज्वल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने 3 मैचों में 2 अर्धशतक के साथ 150 रन बनाए। इसके लिए मेरठ डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। प्रियम गर्ग को देखकर ही उज्ज्वल क्रिकेट में आए हैं। वह भाई को अपना आदर्श मानते हैं। वह दाएं हाथ से शानदार बल्लेबाज हैं।