शहर का जाम सोमवार को ट्रैफिक पुलिस के लिए फिर मुसीबत बन गया। सोमवार को शहर में अलग अलग स्थानों पर जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस एक स्थान पर जाम खुलवाती, उससे पहले दूसरे स्थान पर जाम लग जाता। गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
दोपहर के समय जैसे ही वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की छुट्टी हुई तो जाम की समस्या बन गई। जाम में बच्चों को लाने- ले जाने वाले वाहन भी फंस गये। ऑटो, ई रिक्शा और अभिभावकों के चार पहिया वाहनों की लाइन लग गई। इस दौरान बच्चों को सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया।
सोफिया के बाहर भी छुट्टी के समय वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। आरजी कॉलेज के पास भी जाम जैसी स्थिति रही। बेगमपुल से लेकर जीरो माइल तक भी वाहन जाम में फंसे रहे। घंटाघर पर एसपी सिटी ऑफिस के पास से रेलवे रोड चौराहे तक जाम में आड़े तिरछे वाहन फंसे रहे। एक दूसरे से पहले निकलने की होड में हालात और खराब हो गये। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी गढ़ रोड पर झेलनी पड़ी। अवैध ई रिक्शा और ऑटो बेधड़क जाम का कारण बनते रहे। मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क पर ऑटो और बस खड़ी होने के अलावा अतिक्रमण भी जाम का कारण बन रहा है।