आबूलेन और बांबे बाजार में शाम को पार्किंग की बहुत समस्या रहती है। इसके चलते लोग गाड़ियों को सड़क किनारे ही खड़ा कर देते हैं। जिसकी वजह से जाम लगा रहता है। पांच मई को कैंट बोर्ड ऑफिस में पार्किंग को लेकर अफसरों ने मंथन किया था। आबूलेन, सदर और बांबे बाजार का निरीक्षण करने के बाद पांच नई जगहों पर पार्किंग का प्लान तैयार किया गया था। बेगमपुल की तरफ कोई पार्किंग नहीं होने के कारण अमृत होटल के पास पड़ी जगह पर भी पार्किंग बनाने पर बातचीत हुई थी।
अभी तक यहां पर फड़े बनाई जा रही हैं। आबूलेन के व्यापारियों ने भी फड़ों की जगह पार्किंग बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया था। नई पार्किंग में एक कैंट बोर्ड ऑफिस से आबूनाला की तरफ चलने पर नाले के पास, दूसरी चाट बाजार के पास आबूनाले के किनारे, तीसरी टीएफसी रेस्टोरेंट के सामने सरकुलर रोड पर बनाने की बात हुई थी। इसके अलावा चौथी पार्किंग बंगला नंबर 210 बी की जगह में और पांचवीं बंगला नंबर 180 में बनाने की योजना बनाई गई। बंगला नंबर 180 में पार्किंग का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में खारिज किया जा चुका है। बाकी चार जगहों पर पार्किंग अभी शुरू नहीं की गई है। जिसके कारण यहां पर लोग सड़कों पर ही गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं।