कोरोना के कारण दूसरे साल भी ज्वेलरी शो स्थगित, कई देशों से आने थे सराफा कारोबारी
मेरठ। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण महत्वपूर्ण आयोजन निरस्त होने लगे हैं। शहर में 4 से 6 अप्रैल तक होने वाले तीन दिवसीय मेरठ ज्वेलरी शो को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले साल 2020 में कोरोना संक्रमण के कारण यह शो नहीं हो सका था।
सराफा कारोबारियों की ओर से 2019 की तरह इस वर्ष तीन दिवसीय ज्वेलरी शो का आयोजन प्रस्तावित था। शो में देशभर के सराफा कारोबारी व खरीदार भाग लेने वाले थे। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि इन हालातों में बहुत कम खरीदार शो देखने आएंगे। ऐसे में आयोजन का मकसद भी खत्म हो जाएगा। इसलिए हालात सुधरने पर ही नई तिथि तय करके शो करेंगे। उधर, युवा उद्यमियों के संगठन मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन द्वारा 3 अप्रैल को होने वाला अधिवेशन स्थगित कर दिया गया है।