- 38 केंद्रों पर हुई परीक्षा, 18,144 में से 12,221 परीक्षार्थी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच मेरठ में 38 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। एक ही पाली में सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक यह परीक्षा हुई। मेरठ में बरेली, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थियों ने यहां परीक्षा दी। पंजीकृत 18,144 अभ्यर्थियों में से 12,221 उपस्थित रहे और 5,923 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
इस परीक्षा में सामान्य ज्ञान के आसान प्रश्न पूछे गए। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त कौन हैं, गंगा नदी कहां से निकलती है, भारत ने वर्ष 2025 में किस देश से राफेल एम लड़ाकू विमान खरीदें...जैसे सवाल आए। हिंदी भाषा में प्रश्न आया कि अंधों में काना राजा लोकोक्ति का अर्थ है..., महेंद्र किस संधि का उदाहरण है? यूएसबी (यूनिवर्सल सीरियल बस) उपकरण का प्राथमिक उद्देश्य क्या है.., राजस्थान में पोखरण भारत की किस उपलब्धि के लिए प्रसिद्ध है...जैसे सवाल आए।
ये बोले अभ्यर्थी
मुरादाबाद की अदिति ने बताया कि प्रश्न बहुत आसान रहे। निगेटिव मार्किंग के कारण कई प्रश्न छोड़ने पड़ गए।
बिजनौर के विकास कुमार ने बताया कि मुख्य परीक्षा की अच्छी तैयारी का लाभ मिला।
बरेली की मीता राठौर ने बताया कि सामान्य ज्ञान के सारे प्रश्न हल कर दिए।
बरेली के अरविंद ने बताया कि हिंदी, सामान्य ज्ञान समेत सभी प्रश्न हल किए। निगेटिव मार्किंग का असर नहीं पड़ा।