श्मशान घाट हादसे के मृतकों के
परिजनों को पालिका में मिले नौकरी
मुरादनगर। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में शुक्रवार को 85.88 लाख रुपये का बजट प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही श्मशान घाट हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पालिका में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव भी पास कर शासन को भेजा गया। बैठक में सभासदों ने बंद पड़े विकास कार्यों को फिर से शुरू कराने की मांग की।
बंबा रोड श्मशान घाट हादसे के तीन महीने बाद मुरादगनर नगर पालिका के सभागार में शुक्रवार को बोर्ड बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका के चेयरमैन चौधरी विकास तेवतिया, विधायक अजीत पाल त्यागी, एसडीएम आदित्य प्रजापति और सभी सभासदों ने भाग लिया। बैठक में पालिका के पाइनलाइन नाले की सफाई, एलएमसी की भूमि पर तारबंदी कराना, नए पदों का सृजन करने, आउटसोर्सिंग कर्मचारी रखे जाने आदि प्रस्तावों पर सभासदों ने मुहर लगाई।