रंजिश में दोस्त ने की थी जितेंद्र की हत्या
मेरठ/सरूरपुर।
गांव पांचली बुजुर्ग के जंगल में एक सप्ताह पहले मुजफ्फरनगर निवासी जितेंद्र की हत्या का सरूरपुर थाना पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। मामले में पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य की तलाश चल रही है। हत्यारोपी ने बताया कि मारपीट का बदला लेने के लिए उसने गला दबाकर जितेंद्र की हत्या की थी।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि 31 जनवरी को सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग के जंगल में सरकारी ट्यूबवेल की हौज में जितेंद्र पुत्र धन सिंह निवासी समौली थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर का शव मिला था। मोबाइल कॉल डिटेल की जांच में पता चला कि दोस्तों ने ही जितेंद्र की हत्या की है। हत्या के आरोप में पांचली बुजुर्ग निवासी अजमत पुत्र असमत को गिरफ्तार किया गया है। वहीं उसका साथी जवाहर नगर कंकरखेड़ा निवासी शिवकुमार उर्फ पिंकू पुत्र नरेंद्र सिंह फरार है।
पूछताछ में अजमत ने बताया कि शिवकुमार और जितेंद्र उसके दोस्त थे। तीनों नजीबाबाद में नौकरी करते थे। सात जनवरी को जितेंद्र नौकरी छोड़कर घर चला गया था। 29 जनवरी को शिवकुमार ने अजमत को बताया कि जून 2020 में जितेंद्र ने अपने घर बुलाकर उसकी पिटाई की थी। परिवार के लोगों से बेइज्ज्ती भी कराई। शिवकुमार तभी से बदला लेने की योजना बना रहा था।
29 जनवरी की रात दोनों ने फोन करके जितेंद्र को बुलाया। उसे सेंट्रो कार से कहीं ले गए और शराब पिलाई। इसके बाद दोनों ने जूते के फीते से गला दबाकर जितेंद्र की हत्या कर दी। आत्महत्या दिखाने के लिए शव हौज में डाल दिया। इसके बाद दोनों जानसठ, बिजनौर होते हुए नजीबाबाद चले गए।