तीरगरान के श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में हुआ आयोजन
ध्वजारोहण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। तीरगरान के श्री 1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में सोमवार सुबह आचार्य 108 सौरभ सागर महाराज के आशीर्वाद से भगवान की वेदियों के भव्य जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दोनों वेदियों के समस्त जिनबिंबों को विधि-विधान, पूजन एवं वंदन के साथ नवीन अस्थायी वेदी में विराजमान कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैन समाज मेरठ के प्रधान मंत्री सुरेंद्र कुमार जैन, उपप्रधान अनिल जैन कक्कू, उपमंत्री प्रेमचंद जैन बावली वाले कोषाध्यक्ष हंस कुमार जैन सर्राफ ने ध्वजारोहण के साथ किया। जैन समाज मेरठ के अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, मंदिर मंत्री रितेश जैन, प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने देव आज्ञा लेकर समयबद्ध ढंग से जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर भगवान को पुनः मूल वेदियों पर विराजमान कराने का संकल्प लिया।
पंडित संदीप जैन शास्त्री सजल के निर्देशन में मधुर धार्मिक संगीत के बीच संपूर्ण वेदी विराजमान अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान जैन परिवारों को भगवान की प्रतिमाओं को विराजमान कराने, चंवर, भामंडल, छत्र एवं ध्वज अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। लगभग 100 महिलाओं ने वेदी शुद्धि के लिए कलश यात्रा में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्नेहिल अल्पाहार की व्यवस्था की गई।