एटा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जिले में ताबड़तोड़ छापामारी की। मवाना खादर में कच्ची शराब बनाने की तीन भट्टियां पकड़ी गई। टीपी नगर में एक मकान में ही शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने 500 लीटर कच्ची शराब सहित जिले से कुल 802 लीटर शराब पकड़ी। 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एटा में हुई मौतोें के बाद शासन स्तर से मिले निर्देशों पर एसएसपी ने पुलिस की कई टीमें बनाकर छापामारी कराई। आबकारी निरीक्षकों के साथ एक संयुक्त टीम को मवाना के खादर में भेजा गया। आबकारी निरीक्षक अरविंद मौर्य के अनुसार मवाना खादर के कुंडा और बीर नगर गांव के जंगलों में छापे मारे गए। यहां गन्ने के खेतों में कच्ची शराब बनाने की तीन भट्टियां चलती मिली। जिनसे 500 मीटर कच्ची शराब बरामद हुई। ड्रम, बर्तन, ट्यूब में यह बनाई जा रही थी। मौके से सामान बरामद कर भट्टियों को नष्ट कर दिया गया। अभियान में सीओ और इंस्पेक्टर मवाना के अलावा आबकारी निरीक्षक राजेंद्र यादव, रविशंकर चौहान, संजय सिंह समेत कई अधिकारी थे।
शहर के टीपी नगर की नई बस्ती में एक मकान पर छापे में पांच पेटी शराब बरामद हुई। वहीं, मवाना क्षेत्र के निलोहा से शराब माफिया उपेंद्र, ब्रह्मपुरी क्षेत्र से रमेश सहित कुल 23 लोगों को शराब बनाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।