भाजपा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना एवं महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल का स्वागत समारोह सोमवार शाम अखाड़े में तब्दील हो गया। समारोह का संचालन कर रहे महानगर महामंत्री पर पल्लवपुरम के कार्यकर्ता भड़क गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। कई कार्यकर्ताओं के साथ धक्का मुक्की भी हुई। किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया।
रुड़की रोड स्थित राज मंदिर मंडप में सोमवार शाम भाजपा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष का अभिनंदन समारोह कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने आयोजित किया। मंच संचालन भाजपा के महानगर महामंत्री संजय त्रिपाठी कर रहे थे। इस बीच भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समीर चौहान ने संचालक पर पल्लवपुरम के कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। समीर चौहान के विरोध करने पर पार्षद विक्रांत ढाका, पार्षद लोकेश चौहान भी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध में उतर आए। इस बीच कार्यकर्ताओं में धक्की मुक्की से मंडप के शीशे टूट गए। कई कार्यकर्ता कार्यक्रम का बहिष्कार कर चले गए। बाद में मारपीट के इरादे से कुछ कार्यकर्ता दोबारा कार्यक्रम में पहुंचे। इस पर कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के पीए सुनील शर्मा एवं कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह ने पल्लवपुरम के कार्यकर्ताओं को शांत कराया। इसके बाद संचालक ने पल्लवपुरम के कार्यकर्ताओं से जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष का सम्मान कराया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में कुछ बात हो गई होगी गई थी। कोई बड़ा मामला नहीं है। कैंट विधानसभा का यह बड़ा सम्मान सम्मान समारोह था। इसमें सभी कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
सत्यप्रकाश, कैंट विधायक
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
भाजपा के क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल, महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष वर्षा कौशिक, पूर्व मेयर हरिकांत अहलुवालिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विमल शर्मा, महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष वीनस शर्मा, गुल्लू ठाकुर, पूजा बंसल, गणेश अग्रवाल, विशाल सारस्वत, मनिंदर विहान भराला, शौकेंद्र भारद्वाज, पोपल गुर्जर, डा. विजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष ठाकुर ओपी सिंह, उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता, विवेक रस्तोगी, अनिल अग्रवाल, अंकित सिंघल, अमित शर्मा, रविंद्र शर्मा, राजेश मोहन एडवोकेट, श्रवण चौधरी, रजनीश गोस्वामी, सरला शर्मा, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
बूथ जीता तो लोकसभा चुनाव भी जीत लेंगे
मोदीपुरम। अभिनंदन समारोह के दौरान भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी दोबारा नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों का घर-घर जाकर प्रचार-प्रसार करें। भाजपा के जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों को मजबूत करना है। अगर हमने बूथ जीता तो निश्चित रुप से चुनाव जीत लेंगे।