गुजरात के वड़गाम विधायक जिग्नेश मेवाणी मंगलवार को सहारनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर और बसपा सुप्रीमो बहन मायावती भाजपा का विकल्प बनेंगे। उन्होंने प्रदेश में रहना होगा तो योगी-योगी कहना होगा नारे पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जान लें अगर देश में रहना होगा तो संविधान-संविधान कहना होगा।
शनिवार शाम साढ़े सात बजे विधायक जिग्नेश मेवाणी कार से गांव रामनगर में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया के घर पहुंचे। जिग्नेश ने कमल वालिया की मां कांति वालिया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इसके पश्चात अमर उजाला से बातचीत के दौरान जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि जितना उत्पीड़न भाजपा सरकार में दलितों का हुआ है, इतना किसी सरकार में नहीं हुआ है। भाई चंद्रशेखर का क्या कसूर था, जिन्हें इतने लंबे समय तक जेल में रखा गया। सरकार के पास कोई सुबूत नहीं थे। इसके बावजूद चंद्रशेखर के साथ अन्याय किया गया। चुनाव लड़ना हमारा मकसद नहीं बल्कि उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होना उद्देश्य है। हम बाबा साहब के बताए रास्तों पर चलकर छुआछूत को खत्म करेंगे। दिल्ली में संविधान की प्रतियां जलाई गई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक शब्द नहीं बोले।