सर्राफा बाजार में अकेले युवक ने एक सराफ से ऐसी ठगी कर ली, जिसको सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान है। युवक पत्नी का एक्सीडेंट होने की बात बताकर सराफ की दुकान से करीब पांच लाख के जेवर ले गया। अब ठग को पुलिस तलाश रही है। सराफ से ठगी होने पर व्यापारियों ने कोतवाली थाने में हंगामा किया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थानाक्षेत्र के बजाजा बाजार निवासी संजय रस्तोगी की सराफा बाजार में दुकान है। बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे एक युवक वहां पहुंचा। उसने खुद का नाम सलीम बताया और बेटे की शादी होने की बात कहकर जेवर खरीदने की बात कही। युवक ने सराफ से कहा कि उसकी पत्नी एक्सीडेंट में घायल हो गयी है। उसने बताया वह अब एक अन्य दुकान पर बैठी है। पत्नी को जेवर दिखाने के बाद ही वह खरीदेगा। संजय रस्तोगी ने अपने नौकर मनोज को पांच सोने की चेन, दस अंगूठी समेत 175 ग्राम सोने के जेवर लेकर युवक के साथ भेज दिया।
युवक पहले मनोज को एक चाय की दुकान पर ले गया। चाय पीने की बात कही, मनोज ने मना किया। युवक फिर एक मकान के पास मनोज को ले गया। युवक ने मनोज से जेवर लिए और ये कहकर अंदर चला गया कि तुम यहीं ठहरो। मैं पत्नी को जेवर दिखाकर आता हूं। मनोज इंतजार में बाहर बैठा रहा और युवक दूसरे गेट से जेवरात लेकर भाग गया। काफी देर होने के बाद मनोज ने आसपास के लोगों से पूछा तो बताया कि ये मकान नहीं, यह तो मस्जिद है, जिसमें दो गेट है। दूसरे दरवाजे से युवक भाग गया होगा। यह सुनते ही मनोज ने सराफ को इसकी जानकारी दी।
पढ़ें : कोहरा बना काल : दर्दनाक हादसे में दो युवाओं की मौत, मचा कोहराम