सरधना थाना क्षेत्र के गांव दबथुवा में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव दबथुवा निवासी बीरेंद्र सिंह के अनुसार 28 फरवरी की रात वह परिवार के साथ एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुसे और दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ लिया। अलमारी से दो जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने की चेन, एक अंगूठी, चांदी की दस जोड़ी पाजेब और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित की तहरीर पर थाना सरधना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इससे पूर्व शुक्रवार रात भी गांव दबथुवा में निसार की वेल्डिंग की दुकान से कीमती मशीनें और सामान चोरी हो गया था। इस मामले में अब तक कोई सफलता न मिलने से चोरों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।