मेरठ। हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची ने कहा कि लखनऊ में कमलेश तिवारी और मेरठ में अधिवक्ता मुकेश शर्मा की हत्या के पीछे गहरी साजिश है। अयोध्या के फैसले से पहले कुछ जिहादी लोग माहौल खराब करना चाहते हैं। वह मंगलवार को अधिवक्ता मुकेश शर्मा के परिजनों को सांत्वना देने कमालपुर गांव पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
साध्वी ने अधिवक्ता की बेटियों और पत्नी से कहा कि कोई हत्यारोपी नहीं बचेगा। प्राची ने कहा कि बिजनौर के एक मौलवी ने कमलेश तिवारी के लिए फतवा जारी किया था। अधिवक्ता की हत्या में भी जिहादी लोग हैं। पूरी प्लानिंग कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। धार्मिक स्थलों से जारी होने वाले फतवों पर लगाम लगाने की जरूरत है।
वेस्ट यूपी बना मिनी पाकिस्तान
साध्वी ने कहा कि वेस्ट यूपी मिनी पाकिस्तान बन चुका है। प्रधानमंत्री ने कश्मीर से 370 हटा दी, अब वेस्ट यूपी से फतवे जारी करने वालों का भी नंबर लगना चाहिए। अभी तक वह भी देशभर में निडर होकर घूमती थीं, लेकिन लखनऊ में कमलेश तिवारी और मेरठ में वकील की हत्या के बाद वह भी दहशत में हैं। साध्वी ने कहा रामपुर में एक नेता की टिप्पणी का जवाब कमलेश तिवारी ने दिया था, जिसके बदले उनकी हत्या हुई है।
बेटियों का दर्द छलका
अधिवक्ता मुकेश शर्मा की बेटियों का दर्द भी साध्वी प्राची के सामने छलका। कहा कि गांव में रोजाना रात में 12 बजे तक दुकानें खुलती हैं। शुक्रवार को रात में आठ बजे ही दुकानें बंद हो गई थीं। इसे साफ जाहिर है कि हत्या प्लानिंग करके की गई है। एक विशेष समुदाय के लोगों ने मिलकर उनके पिता की हत्या की है।