- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जनवरी और अप्रैल सत्र की परीक्षा का संभावित कार्यक्रम किया जारी
मेरठ। देशभर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए जेईई मेन 2026 की जनवरी सत्र की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 21 से 30 जनवरी के बीच आयोजित होगी। अप्रैल सत्र की परीक्षा एक से दस अप्रैल के बीच आयोजित होने की संभावना है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2026 परीक्षा की संभावित तिथियों की घोषणा कर दी है।
इस वर्ष पहली बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2026 की परीक्षा को लेकर पब्लिक नोटिस जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन और आधार कार्ड का मिलान जरूरी एनटीए के मुताबिक, एनटीए आधार प्रमाणीकरण के जरिए यूआईडीएआई से नाम, जन्म तिथि, लिंग, फोटो और पता प्राप्त करेगा। हालांकि अभिभावक का नाम आदि आधार में दर्ज नहीं है, इसलिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में ये विवरण अलग से भरने होंगे। किसी भी अभ्यर्थी के आधार कार्ड और दसवीं के शैक्षिक प्रमाण पत्र में नाम मेल न खाने की स्थिति में ऑनलाइन आवेदन के दौरान इस समस्या को दूर करने का विकल्प दिया जाएगा।