स्कूल के सामने जेसीबी से कराई सफाई, प्रधानाचार्य ने स्कूल पर ताला लटकाने की दी थी चेतावनी
सरधना। खिर्वा स्थित पूजा बाल शिक्षा निकेतन स्कूल के सामने बृहस्पतिवार को साफ सफाई कराई गई। तहसील प्रशासन व विधायक जितेंद्र सतवाई द्वारा प्रधानाचार्य की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया गया।
खिर्वा गांव स्थित पूजा बाल शिक्षा निकेतन जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र टोंक ने डेयरी संचालकों द्वारा नाली में गोबर बहाए जाने के कारण स्कूल के सामने जलभराव व सड़क पर कीचड़ पसर जाने की शिकायत की थी। प्रधानाचार्य ने एसडीएम अमित कुमार भारतीय व विधायक सिवालखास जितेंद्र सतवाई से बात कर समस्या से अवगत कराया था। चेतावनी दी थी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह स्कूल पर ताला लटका देंगे। स्कूल में पढ़ने वाले करीब 400 बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने की जिम्मेदारी प्रशासन और विधायक की होगी।
बृहस्पतिवार को विधायक जितेंद्र सतवाई द्वारा जेसीबी की मदद से नाली व सड़क पर पसरी गंदगी साफ कराई गई। प्रधानाचार्य नरेंद्र टोंक का कहना है कि यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। जब तक डेयरी संचालकों द्वारा नाली में गोबर बहाना बंद नहीं किया जाता, तब तक यह समस्या आए दिन बनी रहेगी। इसके लिए ठोस कार्रवाई करानी चाहिए।
जेसीबी से सफाई करा दी है
सिवालखास के विधायक जितेंद्र सतवाई का कहना है कि बृहस्पतिवार को खिर्वा में पूजा बाल शिक्षा निकेतन जूनियर हाईस्कूल के सामने जेसीबी भेजकर साफ सफाई कराई गई है।
समाधान कराया जा रहा है
सरधना के एसडीएम अमित कुमार भारतीय का कहना है कि मामला संज्ञान में है। समस्या का समाधान कराया जा रहा है।