दिल्ली-देहरादून हाइवे-58 पर मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में मेरठ निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की वजह कार चालक द्वारा झपकी लेने पर कार का अनियंत्रित होना बताया गया। पांचों दोस्त एक ही कार में सवार थे और हरिद्वार से गंगास्नान से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार फूलबाग कालोनी नौचंदी मेरठ निवासी अरुण (24) व अभय गुप्ता (19) पुत्र रामकुमार गुप्ता, सचिन (23) पुत्र हरि सिंह, चिराग (24) पुत्र प्रदीप चौधरी और अतुल (24) पुत्र स्व. कुलदीप सक्सेना ये पांचों दोस्त शनिवार रात हरिद्वार गंगास्नान को गए थे। कार अतुल की थी। रविवार तड़के करीब चार बजे पांचों युवक मेरठ लौट रहे थे। कार अतुल चला रहा था। हाइवे पर छपार थाना क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर से टकरा गई। जिससे कार के परखचे उड़ गए। चालक अतुल की मौके पर मौत हो गई, जबकि अतुल के साथ बराबर की सीट पर बैठे अरुण समेत चारों दोस्त गंभीर रुप से घायल होकर कार में ही फंस गए। सूचना पर पहुंची छपार पुलिस घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने अरुण गुप्ता को भी मृत घोषित कर दिया। जबकि अभय, सचिन और चिराग को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मृतक अरुण के रिश्तेदार मानसरोवर कॉलोनी मेरठ निवासी अमित गर्ग ने छपार थाने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम के बाद अरुण और अतुल के शव मेरठ में उनके निवास पहुंचे, जहां शाम को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, अरुण के भाई अभय की आनंद अस्पताल में हालत नाजुक बनी हुई है।
झपकी से हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार संभवत: चालक अतुल को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। उनकी कार की गति काफी तेज थी। झपकी के कारण कार डिवाइडर से टकराई तो चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। कार कई पलटियां खाकर डिवाइडर के पार हो गई और विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर से जा टकराई। अरुण एक कोल डिपो में सर्विस करता था जबकि अतुल सक्सेना सीए की तैयारी कर रहा था।