मेरठ। आज शहर में यातायात व्यवस्था बड़ी समस्या बनेगी। शहर में जहां सिख समाज द्वारा दिल्ली रोड पर नगर कीर्तन आयोजित किया जाएगा। वहीं गढ़ रोड पर गढ़ गंगा मेले से लौटने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों से जाम की समस्या बनेगी। नगर कीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली रोड पर वनवे व्यवस्था भी रहेगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर आज जहां पूरे जनपद में जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाशपर्व पर शहर में विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक से नगर कीर्तन की अनुमति लेते समय सिख समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि दिल्ली रोड पर कई बार भारी वाहन कार्यक्रम में बाधा पहुंचाते हैं। ऐसे में भारी वाहनों को दिल्ली रोड से डायवर्जन किया जाए, वहीं कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी ड्यूटी लगाई जाए। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, गढ़ गंगा मेला खत्म होने के बाद लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने वाहनों से लौटेंगे। गढ़ रोड पर शाहजहांपुर, किठौर, मऊखास, हसनपुर पुलिस चौकी, गोकुलपुर, मेडिकल कॉलेज, तेजगढ़ी चौराहा, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय रोड, मवाना रोड, बाउंड्री रोड, माल रोड, पीवीएस रोड, बिजली बंबा बाईपास पर श्रद्धालुओं के वाहनों से जाम की समस्या बन सकती है। शहर के कई चौराहों पर भी यही हाल रहेगा। भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य वाहनों से जाम की समस्या बनेगी।
लगाए गए ट्रैफिक इंस्पेक्टर
गढ़ रोड पर एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत 12 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। दिल्ली रोड पर बेगमपुल से लेकर मेट्रो प्लाजा और नवीन मंडी गेट व बागपत अड्डा तक 18 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
नहीं होने देंगे परेशानी
दिल्ली रोड पर आज निकलने वाले नगर कीर्तन को देखते हुए वनवे व्यवस्था लागू की जाएगी। कोशिश रहेगी कि शहर के लोगों को जाम से संबंधित परेशानी न हो। - संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक