हापुड़ रोड स्थित कमेले की जमीन पर राजकीय गर्ल्स इंटर कालेज शुरू हो चुका है। अगले साल तक 50 बेड का राजकीय चिकित्सालय भी शुरू हो जाएगा। सरकार पहले ही अस्पताल के लिए पैसा जारी कर चुकी है। निर्माणकारी संस्था का भी चयन हो चुका है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कैबिनेट बैठक के बाद अस्पताल का शिलान्यास कर दिया। जिसके बाद अब अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इस अस्पताल के शुरू होने के बाद जहां जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पर मरीजों का दबाव कुछ कम होगा तो बड़ी संख्या में लोगों को फायदा भी पहुंचेगा। अस्पताल में बाल रोग से लेकर महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती होगी। इसके अलावा सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ व आंख व दंत रोग विशेषज्ञ भी तैनात होंगे। इसके अलावा अस्पताल के अंदर अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर व पैथॉलॉजी लैब भी उपलब्ध होगी। मरीजों को 24 घंटे इलाज मुहैया कराने के लिए इमरजेंसी के अलावा वार्ड में 50 बेड भी होंगे। इस अस्पताल से खासकर हापुड़ रोड से लेकर खरखौदा तक के लोगों को फायदा होगा।
गौरतलब है कि कमेले की जमीन पर स्कूल और अस्पताल बनाना कैबिनेट मंत्री आजम खां की प्राथमिकता में रहे हैं। इस सत्र से राजकीय गर्ल्स इंटर कालेज यहां पर शुरू हो चुका है। जिसमें करीब 1500 छात्राएं तालीम ले रही हैं। वहीं अब राजकीय चिकित्सालय तैयार होने की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ती दिखाई देगी। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के विधानसभा क्षेत्र किठौर में भी 50 बेड का राजकीय चिकित्सालय बन रहा है। जिसका निर्माण से जुड़ा काफी काम पूरा हो चुका है। इस नजरिये से अगले साल तक जिले को दो नए राजकीय चिकित्सालय मिलेंगे।