फिटकरी गांव स्थित गद्दा फैक्ट्री में बृहस्पतिवार तड़के भीषण आग लग गई। इससे गोदाम में रखा तैयार और कच्चा माल समेत मशीनें जल गई। करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची दमकल की दस गाड़ियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
टीपी नगर थाना क्षेत्र के मुलतान नगर निवासी गुंजन भारद्वाज की इंचौली क्षेत्र के फिटकरी गांव में गद्दा फैक्ट्री है। गुंजन के मुताबिक बृहस्पतिवार तड़के करीब 4:30 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। ग्रामीणाें और कर्मचारियों ने पंप चलाकर पानी द्वारा आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। करीब 40 मिनट तक पुलिस और फायर कंट्रोल रूम का नंबर मिलाया जाता रहा। लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
इस दौरान आग ने भयावह रूप ले लिया और देखते ही देखते सारा माल और मशीनें जल गईं। करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायरब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने कई राउंड में तीन घंटे में आग पर काबू पाया। बाद में इंचौली पुलिस भी मौके पर पहुंची। फैक्ट्री मालिक ने आग के कारणों के बारे में अनभिज्ञता जतायी। वहीं, एफएसओ ज्ञानप्रकाश शर्मा ने प्राथमिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगना बताया।
14 कर्मचारी बाल-बाल बचे
हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 14 कर्मचारी सोये हुए थे। फैक्ट्री में आग लगती देख उनके होश उड़ गये। दस मिनट में ही आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। आग की लपटों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता था कि आसपास के सैकड़ों ग्रामीण और पुलिसकर्मी भी 60 -70 मीटर दूर ही खड़े रहे गए। फैक्ट्री से पचास मीटर की दूरी पर कॉलेज है तो पास में ईख के खेत। आग की लपटों ने पूरे गांव में अफरातफरी मचा दी। गनीमत रही कि कर्मचारी समय रहते बाहर निकल आए, नहीं तो इससे बड़ा हादसा हो सकता था।
सबमर्सिबल से लिया पानी
दमकल की गाड़ियों को पास में ही सबमर्सिबल से पानी लेना पड़ा। फैक्ट्री की दो साइडों में कई गाड़ियां एक साथ आग बुझाने के लिए लगानी पड़ी। खुद एफएसओ 35-40 फायर कर्मियों के साथ मौके पर जूझते रहे। दमकल गाड़ियों ने कई राउंड में आग बुझाई।
खेतों के रास्ते पहुंचीं गाड़ी
फिटकरी गांव में रास्ता संकरा होने के कारण दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में काफी समय लग गया। हालांकि बाद में खेतों के रास्ते गाड़ियों को फैक्ट्री तक पहुंचाया गया।