... जैन बोर्डिंग हाउस में गुरु भक्ति और शंका समाधान में उमड़े श्रद्धालु
... 30 सितंबर तक रहेगा प्रवास, एक अक्तूबर को थापर नगर के लिए होगा विहार
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
आचार्य सौरभ सागर का वर्षायोग श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। जैन बोर्डिंग हाउस रेलवे रोड में मंगलवार को सुबह छह बजे गुरु भक्ति, दोपहर तीन बजे शंका समाधान और शाम 6:30 बजे गुरु भक्ति का आयोजन हुआ।
आचार्य ने प्रवचन में कहा कि जीवन में दो मार्ग हैं। साधना और आराधना। साधना का मार्ग वह है जिसमें व्यक्ति अपना रास्ता स्वयं बनाते हुए आगे बढ़ता है। यह कठिन और एकाकी मार्ग है। वहीं आराधना का मार्ग बने-बनाए रास्ते पर चलने का है। तीर्थंकरों ने साधना का मार्ग अपनाकर स्वयं रास्ता बनाया और पीछे आने वालों के लिए अपने पदचिह्न छोड़ गए। उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें धर्म और साधना का बना-बनाया मार्ग मिला है। इस मार्ग पर चलने के लिए श्रद्धा, साहस और पुरुषार्थ जरूरी है।
पुष्प वर्षा योग समिति मेरठ महानगर के चेयरमैन सुरेश जैन रितुराज ने बताया कि आचार्य श्री का 30 सितंबर तक जैन बोर्डिंग हाउस में प्रवास रहेगा। एक अक्तूबर को प्रात: उनका विहार जैन बोर्डिंग हाउस से थापर नगर के लिए होगा।
कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार जैन, अनिल जैन, प्रेम चंद जैन, रितेश जैन, संजय जैन धम्मो, वीरेंद्र जैन, विनोद जैन, अनिल जैन बर्फ खाने वाले, श्रीकिशन जैन, रामेंद्र जैन, प्रमोद जैन रहे।