जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल, श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। जांजोखर गांव में जाहरवीर गोगा जी महाराज की झंडी यात्रा ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची। गांव यादगारपुर स्थित जेल चुंगी से बुद्ध प्रकाश भगत के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने झंडी यात्रा निकाली। ढोल-नगाड़ों की धुन और गोगा जी महाराज के जयकारों के बीच श्रद्धालु झंडी लेकर जांजोखर पहुंचे। यहां विधि-विधान से झंडी-मांडी पर झंडी चढ़ाई गई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गांव पहुंचने पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जाहरवीर गोगा जी महाराज की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में जाहरवीर गोगा जी महाराज के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। हर वर्ष धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु उत्साह के साथ भाग लेते हैं। आयोजन के दौरान देर तक गांव में भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही।