शहर का जाम ट्रैफिक पुलिस के लिए मुसीबत बना हुआ है। मंगलवार दोपहर वेस्ट एंड रोड और सोफिया की छुट्टी होने के बाद जाम लग गया। यातायात व्यवस्था बिगड़ी तो ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर अवैध तरीके से खड़े चार पहिया वाहनों पर चालान चस्पाने शुरू कर दिए। शहर में भी कई जगह लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की छुट्टी के समय एसपी ट्रैफिक के निर्देश पर वनवे व्यवस्था लागू है। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई ने वेस्ट एंड रोड पर छह स्थानों पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई थी, लेकिन बच्चों की भीड़ के आगे ट्रैफिक व्यवस्था ही धड़ाम होने लगी। मंगलवार दोपहर को जैसे ही स्कूलों की छुट्टी हुई भीषण जाम लग गया। बच्चे ई रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहनों में फंस गए। सोफिया के बाहर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। छीपी टैंक पर भी जाम की स्थिति बनी रही। वेस्टर्न कचहरी रोड और ईस्टर्न क चहरी रोड, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा और दिल्ली रोड, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा के पास भी जाम लगा रहा। हापुड़ अड्डा चौराहे पर बीच सड़क पर ऑटो और अवैध ई रिक्शा खड़े होने से जाम लगा रहा।
महिला पुलिस से भिड़े वाहन चालक
स्कूलों की छुट्टी के समय टीआई सुनील कुमार, टीएसआई डीडी दीक्षित और टीएसआई नदीम खान ने अवैध तरीके से खड़े वाहनों पर अभियान चलाया। वेस्ट एंड रोड पर पुलिस ने 36 चार पहिया वाहनों के चस्पा चालान कर दिए। इस दौरान जैसे ही ट्र्रैफिक की एंजिल पर तैनात महिला कांस्टेबलों ने फोटो चालान चस्पाने शुरू कर दिए तो तीखी नोंकझोंक हो गई। महिला कांस्टेबलों ने कहा कि सड़क पर अवैध तरीके से कार खड़ी थी जिसके कारण जाम लगा रहा। वहीं कार मालिक ने कहा कि कार हटकर खड़ी थी, फिर भी चालान कर दिया।
जल्द खुल गया था जाम
स्कूलों की छुट्टी के समय कुछ समय के लिए बच्चों की संख्या अधिक होने के कारण जाम जैसी स्थिति बन रही है। लगातार ट्रैफिक पुलिस प्रयास कर रही है। छुट्टी के बाद 15 से 20 मिनट में जाम खुल गया था। -संजीव बाजपेयी, एसपी ट्रैफिक