संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को दो मैच खेले गए। इसमें आईटीआई क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी की टीम ने जीत हासिल की। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 167 रन बनाए। इसमें लक्ष्य ने 42, राघव ने 40, वंशिका ने 39 रन बनाए। गेंदबाजी में भाविक और युग ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 168 रन बनाकर छह विकेट से जीत प्राप्त की। टीम की ओर से अक्ष ने 40 रन बनाए। दूसरे मैच में आईटीआई क्रिकेट एकेडमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। इसमें प्रत्यक्ष ने 42, विराट ने 37 रन बनाए। गेंदबाजी में माधव ने तीन, रेयांश ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पोर्ट्स स्टार की टीम 152 रन पर ऑल आउट हो गई और चार रन से हार गई। मैच के बाद क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि देहरादून में सीबीएसई की ओर से क्रिकेट ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। इसे लेकर आईटीआई, ऋषभ क्रिकेट एकेडमी और गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी से खिलाड़ी बुधवार को देहरादूर के लिए रवाना हुए। इसमें प्रत्यक्ष, दक्ष, देवांश, अर्पित आदि संख्या में खिलाड़ी कोच अतहर अली के साथ रहे।