मेरठ। कोडीन कप सिरप कांड के बाद से दवा कारोबारियों में खलबली मची है। इसी के मद्देनजर शनिवार को रिटेल केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर संगठन के पदाधिकारियों ने खैरनगर दवा बाजार में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान व्यापारियों से 15 दिसंबर को आईएमए हॉल में आयोजित होने वाली प्रांतीय बैठक में पहुंचने की अपील की गई। इसके साथ ही दवाओं के अवैध कारोबार से बचने और ऐसा करने वाले गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
अभियान के दौरान व्यापारियों को प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार से बचने व विधि सम्मत खरीद के लिए सजग किया गया। संगठन के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सैनी और प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि सीएम को पत्र लिखकर दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले रैकेट का शीघ्र पर्दाफाश करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। साथ ही अनुरोध किया गया कि जांच के नाम पर किसी भी निर्दोष दवा व्यापारी का उत्पीड़न न किया जाए।
अध्यक्ष रविंद्र दुग्गल ने बताया कि संगठन ने दवा कंपनियों को चेतावनी दी कि एक्सपायर्ड दवाओं को बदलने की समय सीमा को समाप्त किया जाए और इन दवाओं को तत्काल बदला जाए। उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर को होने वाली प्रांतीय बैठक में प्रदेश भर से दवा व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में दवा व्यापारियों के समसामयिक मुद्दों, व्यापारी हितों और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा कर समाधान निकाले जाएंगे। अभियान में संगठन के उपाध्यक्ष अतुल मोहन, महामंत्री अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष राम अवतार, प्रमोद त्यागी, अनिल शर्मा, एसके जैन सहित अन्य शामिल रहे।