गन्ना तोल में घटतौली को लेकर किसानों ने जताई नाराजगी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को विकास भवन के सभागार में किसान दिवस का आयोजने हुआ। इसमें किसानों ने गांवों में सड़क निर्माण न होने, गन्ना मूल्य और क्रय केंद्रों पर हो रही घटतौली की समस्याओं को उठाया।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल ने गन्ना पेराई सत्र के दौरान कई मिलों के क्रय केंद्रों पर घटतौली की समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि दौराला मिल और किनौनी मिल क्षेत्र के क्रय केंद्रों पर काफी घटतौली की शिकायत आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने क्रेडिट कार्ड पर किसानों को ब्याज में छूट दिलवाने, रजबहों की सफाई कराने आदि मांगों को उठाया।
किसान गजेंद्र ने गन्ना सेंटरों पर पीने के पानी की व्यवस्था करने की मांग की। इस दौरा काफी संख्या में किसानों ने अपनी समस्याओं को रखा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार ने किसानों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।