पल्लवपुरम में सोमवार रात स्कूटी सवार हेलमेट लगाए दो युवकों ने हकीम शाहिद पर फायरिंग कर दी। हमले में वे बाल-बाल बच गए। शाहिद ने हमलावरों से तमंचा छीन लिया और ललकारा तो वे भाग गए। फायरिंग से दहशत फैल गई। सीओ दौराला सुचित सिंह का कहना है कि दो आरोपी सीसीटीवी में कैद हुए हैं। एक तमंचा और एक लोई बरामद की है।
घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के सोफीपुर में सोमवार रात करीब 10:30 की है। सोफीपुर में हकीम शाहिद अपने बेटे चांद और पत्नी शबनम के साथ रहते हैं। वह घर पर ही हकीम का काम करते हैं। स्कूटी पर सवार हेलमेट लगाए और मुंह ढके दो हमलावर पहुंचे। एक स्कूटी के पास खड़ा रहा और दूसरा शाहिद के घर पहुंचा। हमलावर ने पूछा कि हकीम जी घर पर है क्या। शाहिद ने कहा कि आप कौन, यहां कोई नहीं रहता है।
इसके बाद आरोपियों ने फायर कर दिया, जो मिस हो गया। इससे पहले कि हमलावर तमंचा लोड करते, शाहिद ने छीन लिया। हमलावर तमंचा और अपनी लोई छोड़कर स्कूटी पर रात में अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सीओ का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।