सीसीएसयू के उड़नदस्तों ने कई केंद्रों पर मारे छापे
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा एनईपी विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए गठित विशेष उड़ाका दलों ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।
विश्वविद्यालय के संयोजक प्रो. शिवराज सिंह के निर्देशन में चले अभियान में कई कॉलेजों में गंभीर खामियां सामने आईं। उड़ाका दल के सदस्य डॉ. विनय कुमार चिकारा, डॉ. प्रशांत यादव और डॉ. देवेंद्र सिरोही ने भगवती कॉलेज में आगे का परीक्षा शेड्यूल और ड्यूटी रजिस्टर नहीं मिला, जिस पर सख्त हिदायत दी गई। सीएसएसएस कॉलेज माछरा में दो परीक्षार्थियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। एक के पास पेपर से असंबंधित पर्ची और दूसरे के पास बंद स्मार्ट वॉच मिली। रूद्रा इंस्टीट्यूट नानपुर गढ़ में उत्तर पुस्तिकाओं का रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं था। आरकेजी गर्ल्स पीजी कॉलेज गढ़ में दो की बजाय केवल एक सीसीटीवी कैमरा लगा था। केडी कॉलेज सिंभावली में एक यूएफएम केस दर्ज हुआ और दो छात्राओं को असंबंधित पर्ची मिलने पर चेतावनी दी गई। आईईएम कॉलेज कुचेसर में कक्षों में एक-एक सीसीटीवी कैमरा तो था, लेकिन विश्वविद्यालय से लिंक नहीं था। विश्वविद्यालय ने सभी केंद्रों को तत्काल खामियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।