मेरठ। आईपीएल-2026 में मेरठ के रहने वाले बल्लेबाज समीर रिजवी ने पहले ही मैच में ही नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेलते हुए दिल्ली को दमदार जीत दिलाई। उन्होंने लखनऊ के गेंदबाजों के खिलाफ जमकर चौके और छक्के लगाए। उनके इस प्रदर्शन से मेरठ के खेलप्रेमी भी बेहद खुश हैं।
इस मैच में दिल्ली ने पहले गेंदबाजी की और लखनऊ को 141 रन पर समेट दिया। इसके बाद दिल्ली की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। दिल्ली के चार विकेट भी जल्द ही गिर गए थे। इसके बाद मेरठ के समीर रिजवी ने पारी को संभाला। हालांकि वह शुरू की 10 गेंद पर खाता नहीं खोल सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने न केवल रन बनाए बल्कि अर्धशतक भी बना दिया। साथी खिलाड़ी स्टब्स के साथ मिलकर उन्होंने दिल्ली को छह विकेट से जीत दिला दी।
बता दें कि 2025 के आईपीएल में भी समीर ने दिल्ली के अंतिम मैच में अर्धशतक लगाया था। अब 2026 के पहले मैच में भी उन्होंने ऐसी ही पारी खेली। उनकी इस पारी पर उनके स्थानीय कोच तनकीब अख्तर ने भी खुशी जताई। समीर रिजवी के आईपीएल कॅरिअर की शुरूआत वर्ष 2024 में हुई थी। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने लगभग 8.4 करोड़ रुपये में अपने दल में शामिल किया था। उन्हें कई बार मौका भी मिला लेकिन वह उस सीजन में ज्यादा कुछ कर नहीं सके। आईपीएल-2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 95 लाख रुपये में अपने दल में शामिल किया था। तब दिल्ली के आखिरी मैच में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी और दिल्ली को जीत दिलाई थी। समीर रिजवी घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके आ रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में वह दो दोहरे शतक भी लगा चुके हैं।
उभरते हुए सितारे...अभी और चमकेंगे
समीर रिजवी के मामा और कोच तनकीब अख्तर ने उन्हें क्रिकेट में कॅरिअर के लिए प्रेरित किया। उनका कहना है कि समीर उभरते हुए सितारे हैं। वह अभी और चमकेंगे। समीर ने 11 साल की उम्र से गांधी बाग एकेडमी में प्रशिक्षण शुरू किया था। वर्ष 2019-20 की रणजी ट्रॉफी में 16 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया। 2023 में यूपी टी-20 लीग में नौ पारियों में 455 रन बनाए। इसमें 47 गेंदों में सबसे तेज शतक भी शामिल था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग ने उन्हें राइट-हैंडेड सुरेश रैना के रूप में पहचान दिलाई। वर्ष 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 8.4 करोड़ में खरीदा लेकिन सीमित मौकों में वे आठ पारियों में 51 रन ही बना सके। वर्ष 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें टीम में शामिल किया था। अब इस साल दिल्ली ने उन्हें रिटेन किया है।