हस्तिनापुर। ग्राम पंचायत मानपुर में प्रधान ने अपने पति के साथ मिलकर नशे के खिलाफ अनूठी पहल की है। गांव के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में बुधवार को सर्वसम्मति से निर्णय किया कि गांव में नशीले पदार्थों एवं वस्तुओं की बिक्री किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगी।
ग्राम प्रधान पति गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में फैसला लिया गया कि अगर कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों का सेवन करता है तो उसे पहले समझाया जाएगा। यदि वह नहीं मानता तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। वहीं, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति रोकने के लिए शाम के वक्त चार से ज्यादा एक साथ बैठने पर रोक लगाई गई। इस बारे में जल्द ही गांव में मुनादी भी करा दी जाएगी
ग्रामीणों के प्रयास से नशा मुक्त बनेगा मानपुर
गुरमीत सिंह, प्रेम सिंह, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार, जोधा सिंह, कपिल, मोहित, राम सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि आज के युवा दिन-प्रतिदिन किसी न किसी नशे की चपेट में आते जा रहे हैं। यह गंभीर समस्या बनती जा रही है। आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे। इसलिए भावी पीढ़ी को बचाने के लिए कड़े फैसले लेने की जरूरत है। इसके चलते गांव मानपुर को नशा मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें सभी ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। वहीं, नशा करने वालों का डाटा तैयार किया जा रहा है। ऐसे लोगों का सभी को बहिष्कार करना होगा जो नशे को बढ़ावा दे रहे हैं। खासकर युवा वर्ग को नशे की गर्त में धकेल रहे हैं। गांव का कोई भी व्यक्ति नशीली सामग्री बेचता पाया गया तो कोई भी ग्रामीण उसकी मदद नहीं करेगा। उसकी शिकायत तुरंत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
ग्राम पंचायत में कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा
ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय समाज सेवकों का कहना है कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद, दौड़ लगाना, व्यायाम और अन्य कई प्रकार की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। जिसके अतिरिक्त समय-समय पर गांव में सेमिनार और जागरूकता रैली आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
वर्जन
नई पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए सर्वसम्मति से गांव में नशे के प्रति बैठक आयोजित की गई। जिसमें लोगों को जागरूक किया गया और फैसला लिया गया है जो लोग नशे को बढ़ावा देंगे उनकी शिकायत अब उच्च अधिकारियों से की जाएगी। -संगीता कौर, ग्राम प्रधान मानपुर