भाजपा मेरठ महानगर की मंगलवार को हरमन सिटी स्थित कार्यालय पर बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। संगठनात्मक तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता के कंधे पर हाथ रखकर उनकी भावनाओं को समझने पर जोर दिया। वाजपेयी ने कहा कि यदि कोई कार्यकर्ता उदास है तो उसकी समस्या सुनकर मनोबल बढ़ाना कर्तव्य है। कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी ऊर्जा संगठन को मजबूत बनाती है। महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बताया कि स्थापना दिवस के विशेष अभियान में महानगर के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में संयोजक बनेंगे। वे वार्ड स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने में योगदान देंगे।
मुख्य अतिथि एमएलसी और प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने कहा कि स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रविवार से सोमवार तक स्थापना दिवस व पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता अरुण वशिष्ठ ने की और संचालन महानगर उपाध्यक्ष वीनस शर्मा ने किया। वीनस शर्मा को ही अभियान का संयोजक भी बनाया गया।
इस अवसर पर कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, कमलदत्त शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय, रवीश अग्रवाल, विनय पाराशर, रेनू जोगी, विवेक वाजपेयी, अमित मूर्ति, अमित शर्मा आदि उपस्थित रहे।