मेरठ। सीसीएसयू कैंपस में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए रविवार को भी साक्षात्कार हुए। 30 से अधिक पदों पर हुए साक्षात्कार के लिफाफे सोमवार को होने वाली कार्य परिषद की बैठक में खोले जाएंगे। आठ महीने बाद पहली बार कार्य परिषद की बैठक ऑफ लाइन होगी।
सीसीएसयू में पिछले 15 दिनों से नियुक्ति विभिन्न पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। 30 के करीब पदों के लिए कई हजार आवेदन किए गए थे, हालांकि आवेदन के मुकाबले बहुत कम अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के लिए भी यूजी, पीजी के अलावा एमफिल डिग्रीधारक भी आवेदकों में शामिल रहे। सोमवार को कार्यपरिषद की बैठक में इन सभी पदों पर हुए साक्षात्कार के लिफाफे खोल जाएंगे। साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर नियुक्ति होगी। कार्य परिषद की बैठक में पिछली हुई अन्य बैठकों पर भी मुहर लगेगी। इसके अलावा विवि के कई शिक्षकों की प्रोन्नति पर भी मुहर लगेगी। कई कॉलेजों की तरफ से उनके यहां कई कोर्सों को बंद कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए गए थे, इन पर भी कार्य परिषद में मुहर लगेगी।